मुरैना क्राइम समाचार: पुलिस ने शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं और यह भी जांच की जा रही है कि युवक पेड़ तक कैसे पहुंचा तथा उसकी मौत किन परि…और पढ़ें

HighLights
- खेत मालिक को बदबू आने पर पता लगा
- पेड़ से टपक रहे थे कीड़े और मांस के टुकड़े
- शव बुरी तरह गला, शिनाख्त में जुटी पुलिस
नईदुनिया न्यूज, मुरैना (अंबाह)। जिले के अंबाह में चिरपुरा हाईवे किनारे एक पेड़ पर युवक का शव लटका मिला। खेत पर पहुंचे किसान को बदबू आने पर शव का पता लगा। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की अभी पहचान नहीं हुई है, पुलिस छानबीन में जुटी है।
बदबू आने पर किसान को लगा पता
मंगलवार की सुबह चिरपुरा हाईवे से 300 मीटर अंदर खेतों पर फसल देखने पहुंचे किसान मनोज कुमार जब अपने खेत में स्थित कुएं की मुंढ़ेर पर बैठे तब उन्हें असहनीय बदबू आने लगी। किसान ने कुएं के अंदर झांककर और आसपास देखा, लेकिन कुछ बदबूदार नहीं दिखा। इसके बाद कुएं के पास लगे पेड़ के नींचे पहुंचे, वहां देखा तो पेड़ के ऊपर से कीड़े टपक रहे थे। जमीन पर खून के धब्बे व मांस के चिथड़े से पड़े थे। किसान ने पेड़ के ऊपर देखा तो करीब 25 फीट की ऊंचाई पर एक शव फंदे पर लटका मिला।
मृतक के शरीर पर सिर्फ अंडरवियर
किसान ने तत्काल आसपड़ोस के लोगों को बुलाया। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। बताया गया है, कि फांसी पर लटका यह शव पांच से सात दिन पुराना हो सकता है। शव बुरी तरह गल चुका है, उसमें कीड़े पड़ गए हैं, चेहरा विकृत होने से पहचान नहीं आ रहा। मृतक के शरीर पर केवल अंडरवियर है। पुलिस ने शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं और यह भी जांच की जा रही है कि युवक पेड़ तक कैसे पहुंचा तथा उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
