14 वर्षीय रेहान की हत्या के बाद उसकी मां रानी शाह बेसहारा हो गईं। बेटे का मां के लिए बत्तीसी बनवाने का सपना पुलिस ने अपने खर्च पर पूरा करने की पहल की।

HighLights
- रेहान अपनी मां के लिए पैसे जोड़कर बत्तीसी बनवाना चाहता था
- पुलिस ने हत्यारों को गिरफ्तार कर मां को इंसाफ दिलाया
- एसीपी संतोष पटेल ने मां की परेशानी देखी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जिस मां के लिए 14 साल का रेहान अपनी छोटी-छोटी जरूरतें छोड़कर पैसे जोड़ना चाहता था, आज वही मां उसकी तस्वीर को देखकर दिन काट रही है। करीब दस साल पहले पति का साथ छूट गया था। इसके बाद रेहान ही मां रानी शाह का सहारा बन गया था। गरीबी के बीच भी बेटे का एक सपना था—ज्यादा मेहनत करके रुपये कमाना और मां के लिए बत्तीसी बनवाना, ताकि वह बिना तकलीफ के खाना खा सके।
लेकिन एक मोड़ पर वह साथ छोड़कर चला गया। रेहान अब लौटकर नहीं आएगा। लेकिन उसका यह सपना भी अधूरा न रह जाए, इसके लिए पुलिस ने उसे अपनी जिम्मेदारी बना लिया है। रेहान हत्याकांड की जांच कर रहे कोतवाली एसीपी संतोष पटेल ने अब अपने खर्च पर रानी शाह की बत्तीसी बनवाने का फैसला किया है। इतना ही नहीं, बेटे की हत्या के बाद परिवार के सामने खड़े खाने के संकट को देखते हुए पुलिस ने उनके घर राशन भी पहुंचाया।
जिस बच्चे को खेलने की उम्र में मां की चिंता थी
- पुलिस जांच में सामने आया कि रानी के मुंह में दांत नहीं होने से उन्हें खाना खाने में परेशानी होती थी। रेहान यह बात समझता था। खेलने और घूमने की उम्र में वह अतिरिक्त काम करने लगा था
- । इकबाल मैदान के पास की-रिंग और पेन बेचकर जो कमाता, उसमें से मां के लिए पैसे बचाने की कोशिश करता था। उसका कहना था कि वह ज्यादा काम करेगा और रुपये जमा करके मां की बत्तीसी बनवाएगा।
एसीपी ने पहले इंसाफ दिलवाया अब सपना पूरा
करीब एक सप्ताह पहले रेहान की अंडकोष के लिए हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। एसीपी संतोष पटेल ने जांच खुद संभाली। करीब एक सप्ताह तक गहन जांच की और हत्यारों को गिरफ्तार किया। अंडकोष के लिए हत्या करने की इस खबर को जिसने सुना वह सिहर उठा। लेकिन एसीपी यहीं नहीं रुके।
बिरयानी की एक थाली से सामने आया बेटे का सपना
- जांच के दौरान पुलिस का रानी से लगातार संपर्क रहा। कम्युनिटी पुलिसिंग के लिए पहचाने जाने वाले एसीपी पटेल उनसे भोजन के बारे में पूछते थे, लेकिन वह अक्सर मना कर देती थीं। शनिवार को किसी कानूनी कार्रवाई के सिलसिले में रानी को बुलाया गया। पुलिस ने उनके लिए वेज बिरयानी मंगवाई।
तुरंत डॉक्टर को बुलवाया
- यह बात एसीपी पटेल के लिए महज एक मां की पीड़ा नहीं रही। उन्होंने तय किया कि रेहान अपनी मां के लिए जो नहीं कर सका, वह पुलिस अपने स्तर पर करेगी। उन्होंने तत्काल दंत चिकित्सक डा. अतीक अहमद से संपर्क किया।
- डॉक्टर और उनकी टीम ने रानी के मुंह की जांच की और अब पुलिस के खर्च पर उनकी बत्तीसी बनवाई जा रही है। रेहान की जिंदगी तो हत्यारों ने छीन ली, लेकिन उसकी मां के लिए देखा सपना पुलिस ने जिंदा रखा है। कानून ने रेहान के हत्यारों को पकड़ लिया, अब इंसानियत उसकी मां के चेहरे पर मुस्कान लौटाने की कोशिश कर रही है।
