सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court) के निर्देशों के अनुपालन में मध्य प्रदेश के लगभग डेढ़ लाख अध्यापकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 का कार्य…और पढ़ें

HighLights
- सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद MP ESB का बड़ा फैसला
- कर्मचारी चयन मंडल ने तय की TET 2026 की तारीख
- बिना नेगेटिव मार्किंग के होगी MP TET 2026 परीक्षा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court) के निर्देशों के अनुपालन में मध्य प्रदेश के लगभग डेढ़ लाख अध्यापकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 का कार्यक्रम तय कर दिया गया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में अपनी सेवाएँ दे रहे शिक्षकों हेतु विस्तृत नियम पुस्तिका (Rulebook) जारी कर दी है। तय शेड्यूल के अनुसार, यह परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होगी।
आवेदन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियां
इच्छुक व पात्र उम्मीदवार 21 अगस्त 2026 से आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 4 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके साथ ही, यदि फॉर्म भरते समय कोई त्रुटि हो जाती है, तो उम्मीदवार 21 अगस्त से 9 सितंबर 2026 के बीच अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे।
परीक्षा शुल्क और पोर्टल चार्ज
- परीक्षा शुल्क: सभी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए प्रति प्रश्न-पत्र ₹1,000 शुल्क तय किया गया है।
- पोर्टल शुल्क: एमपी ऑनलाइन (MP Online) कियोस्क के माध्यम से फॉर्म भरने पर ₹60 का अतिरिक्त कियोस्क शुल्क लगेगा, जबकि स्वयं रजिस्टर्ड सिटीजन यूजर लॉगिन द्वारा आवेदन करने पर ₹20 पोर्टल शुल्क देय होगा।
- संशोधन शुल्क: प्रथम चरण में फॉर्म में सुधार करने पर ₹20 और अंतिम चरण में बदलाव करने पर ₹40 का शुल्क लागू रहेगा।
परीक्षा पैटर्न और न्यूनतम अर्हता अंक
प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी, जिसमें 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएँगे। संपूर्ण प्रश्न-पत्र को हल करने के लिए 2 घंटे 30 मिनट का समय दिया जाएगा। इस परीक्षा में सबसे राहत की बात यह है कि नेगेटिव मार्किंग (Negative Marking) का प्रावधान नहीं रखा गया है, यानी गलत जवाब देने पर कोई अंक नहीं काटा जाएगा। माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में भी प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और 2 घंटे 30 मिनट की समय-सीमा में बिना ऋणात्मक मूल्यांकन के आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- इंदौरवासियों को मिलेगी ट्रैफिक से बड़ी राहत, MR-4 और RW-1 सड़कें लगभग तैयार, सरवटे से ISBT तक का सफर होगा आसान
वर्गवार न्यूनतम उत्तीर्ण प्रतिशत
- आरक्षित वर्ग (SC, ST, OBC, EWS एवं दिव्यांगजन): परीक्षा में सफलता के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक पाना अनिवार्य है।
- अनारक्षित (सामान्य) वर्ग: अन्य उम्मीदवारों को अर्हता प्राप्त करने के लिए कम से कम 60 प्रतिशत अंक लाने होंगे।
किन शिक्षकों के लिए परीक्षा उत्तीर्ण करना है अनिवार्य?
कर्मचारी चयन मंडल की गाइडलाइन के अनुसार, प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं में कार्यरत सहायक शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक, संविदा शाला शिक्षक (वर्ग-3), सहायक अध्यापक, प्रयोगशाला सहायक और प्राथमिक शिक्षक विज्ञान श्रेणी के अध्यापकों को इस परीक्षा में सम्मिलित होना होगा। शीर्ष अदालत के आदेशानुसार, इन सभी सेवारत अध्यापकों को 31 अगस्त 2028 तक हर हाल में पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है।
