मध्य प्रदेश पुलिस ने कर्नाटक के अधिकारियों को इंदौर के रहने वाले 31 साल के एक व्यक्ति को खोजने में मदद की पेशकश की है।

HighLights
- शिवगंगे में ट्रेकिंग के दौरान लापता हो गए थे
- जरूरत पड़ी तो इंदौर पुलिस तुरंत मदद करेगी
- सीसीटीवी फुटेज की जांच में पहाड़ी पर चढ़ते देखा गया
नईदुनिया प्रतिनिधित, इंदौर। मध्य प्रदेश पुलिस ने कर्नाटक के अधिकारियों को इंदौर के रहने वाले 31 साल के एक व्यक्ति को खोजने में मदद की पेशकश की है। यह व्यक्ति चार दिन पहले बेंगलुरु के पास अकेले ट्रेकिंग करते समय लापता हो गया था।
एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस राजेश डंडोतिया ने कहा कि इंदौर पुलिस ने नेलमंगला तालुक के शिवगंगे में फाइनेंस प्रोफेशनल अद्वैत उपाध्याय के लापता होने के मामले में कर्नाटक के जांचकर्ताओं से संपर्क किया है।
शिवगंगे में ट्रेकिंग के दौरान लापता हो गए थे
डंडोतिया ने बताया, हमें सोशल मीडिया से जानकारी मिली कि मूलरूप से इंदौर के रहने वाले अद्वैत उपाध्याय बेंगलुरु के पास शिवगंगे में ट्रेकिंग के दौरान लापता हो गए थे। हमने इस मामले में कर्नाटक पुलिस से संपर्क किया है और जांच में जरूरी मदद की पेशकश की है।
जरूरत पड़ी तो इंदौर पुलिस तुरंत मदद करेगी
उन्होंने कहा कि अगर जांच में किसी मदद की जरूरत पड़ी तो इंदौर पुलिस तुरंत मदद करेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि उन्हें अभी तक उपाध्याय के परिवार से कोई जानकारी नहीं मिली है। अधिकारियों के मुताबिक, बेंगलुरु की एक फाइनेंशियल फर्म में काम करने वाले उपाध्याय के लापता होने की सूचना 7 अगस्त को मिली थी।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में उन्हें पहाड़ी पर चढ़ते हुए देखा गया
बेगुर इलाके के रहने वाले उपाध्याय ने अपनी मंगेतर को शिवगंगे ट्रेकिंग के प्लान के बारे में बताया था और इसके लिए एक मोटरसाइकिल किराए पर ली थी। बताया जाता है कि उन्होंने पहाड़ी पर चढ़ने से पहले अपनी किराए की बाइक पहाड़ी की तलहटी में पार्क की थी। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में उन्हें पहाड़ी पर चढ़ते हुए देखा गया।
