नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। डुमना एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए वर्षों बाद एक बार फिर सीधी विमान सेवा शुरू होने जा रही है। एलायंस एयर ने जबलपुर-कोलकाता-जबलपुर उड़ान का शेड्यूल जारी कर दिया है।
मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालन
यह सेवा आठ अगस्त से प्रारंभ होगी और सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। नई सेवा शुरू होने से यात्रियों को कोलकाता के लिए सीधी हवाई सुविधा मिलेगी, वहीं इंडिगो के एकाधिकार जैसी स्थिति भी समाप्त होने की उम्मीद है।
सुबह 7:05 बजे कोलकाता से उड़ान भरेगा
जारी शेड्यूल के अनुसार एलायंस एयर का एटीआर-72 विमान सुबह 7:05 बजे कोलकाता से उड़ान भरकर सुबह 9:35 बजे जबलपुर पहुंचेगा।
यात्रा करीब ढाई घंटे में पूरी हो सकेगी
विमान सुबह 10:00 बजे जबलपुर से रवाना होकर दोपहर 12:35 बजे कोलकाता पहुंचेगा। दोनों शहरों के बीच यात्रा करीब ढाई घंटे में पूरी हो सकेगी।
यात्रियों को मिलेगा दूसरा विकल्प
एलायंस एयर की वापसी से यात्रियों को दूसरा विकल्प मिलेगा। प्रतिस्पर्धा बढ़ने से भविष्य में किरायों में संतुलन आने की भी उम्मीद जताई जा रही है।
आधुनिक एयरपोर्ट, फिर भी घटीं उड़ानें
करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित डुमना एयरपोर्ट का नया टर्मिनल शुरू होने के बाद विमान सेवाओं के विस्तार की उम्मीद थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों में उड़ानों की संख्या बढ़ने के बजाय कम हुई है।
हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
पहले जहां सप्ताह में 42 उड़ानों का संचालन होता था, वहीं वर्तमान में यह संख्या घटकर 36 रह गई है। ऐसे में एलायंस एयर की नई सेवा को जबलपुर की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सांसद आशीष दुबे की अहम भूमिका
सांसद आशीष दुबे के विशेष प्रयास से दोबारा एलायंस एयर की सेवा बहाल हो पाई। बता दे कि सांसद आशीष दुबे ने दिल्ली में एयर अलायंस कंपनी के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर इसे दाेबारा प्रारंभ करवाने में अहम भूमिका अदा की।
उड़ान का शेड्यूल
रूट: जबलपुर-कोलकाता-जबलपुर
- एयरलाइन: एलायंस एयर
- विमान: एटीआर-72
- संचालन: सप्ताह में तीन दिन (मंगलवार, गुरुवार और शनिवार)
- कोलकाता से प्रस्थान: सुबह 7:05 बजे
- जबलपुर आगमन: सुबह 9:35 बजे
- जबलपुर से प्रस्थान: सुबह 10:00 बजे
- कोलकाता आगमन: दोपहर 12:35 बजे
यह भी पढ़ें- जबलपुर समेत संभाग के अन्य जिलों में फिर मौसम प्रणालियां सक्रिय, अच्छी बारिश के आसार
