कटनी जिले के बिलहरी स्थित शासकीय स्कूल के शिक्षक वरुण नायक को CJP प्रदर्शन में शामिल होने के बाद दर्ज FIR के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है…और पढ़ें

HighLights
- कोर्ट में पेशी के बाद भेजे गए जेल
- महिला शिक्षक से मारपीट का गंभीर आरोप
- निलंबन आदेश फाड़ने का भी आरोप
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के फारेस्टर ग्राउंड में 25 जुलाई को काकरोच जनता पार्टी (CJP Protest MP) के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए शिक्षक वरुण नायक के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार को पुलिस ने आरोपित शिक्षक को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। शिक्षक पर प्राचार्य और महिला शिक्षक के साथ मारपीट, विवाद करने, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने तथा शिक्षा विभाग की कथित कमियों को सार्वजनिक रूप से उजागर करने से जुड़े आरोप लगाए गए हैं।
वीडियो जारी कर सरकार को दी थी चुनौती
जानकारी के अनुसार, बिलहरी गांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक वरुण नायक ने सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने के बाद एक वीडियो जारी किया था। वीडियो में उन्होंने कहा था कि सरकार चाहे तो उन्हें निलंबित कर दे। उन्होंने अपने स्कूल से लेकर तहसील और जिले तक अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और नकल फिक्स होने के आरोप भी लगाए थे। इस बयान के बाद शिक्षा विभाग सक्रिय हुआ और जिला शिक्षा अधिकारी ने 28 जुलाई को उनके निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
महिला शिक्षक और प्रभारी प्राचार्य से विवाद का आरोप
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की सुबह वरुण नायक बिलहरी स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने अपना निलंबन आदेश फाड़ दिया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने प्रभारी प्राचार्य देवेंद्र कुमार तिवारी के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा शिक्षक रेखा तिवारी पर निलंबन के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाते हुए उनके बाल पकड़कर घसीटा, थप्पड़ मारा और जमीन पर गिरा दिया।
