नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर-मंडला फोर्ट के मध्य अब पैसेंजर ट्रेनें सीधे दौड़ेंगी। यह निर्णय यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए किया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेल ने आठ ट्रेनों का एकीकरण कर उन्हें चार पैसेंजर ट्रेन में बदल दिया है।
एकीकरण की कवायद के बाद भी पैसेंजर ट्रेन का नैनपुर स्टेशन पर आधा से एक घंटा 10 मिनट का ब्रेक रहेगा। जबलपुर-मंडला के बीच यात्रा समय पहले की तरह ही लगेगा। ट्रेन का नंबर बदलकर एक हो जाने के बाद भी रास्ते का बड़ा ब्रेक हट नहीं सका है। ट्रेन के संचालन समय में सुधार नहीं किया गया है, जिसके कारण पैसेंजर ट्रेनों की टाइमिंग को यात्री अब भी असुविधाजनक बता रहे हैं।
दो ट्रेन संचालित हैं…
जबलपुर-मंडला के मध्य पश्चिम मध्य रेल दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेन संचालित है। ट्रेन क्रमांक 51703 अब शाम को 6.55 बजे जबलपुर से रवाना होगी और मध्यरात्रि 12.30 बजे मंडला फोर्ट स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 51704 मंडला से सुबह 5.10 बजे प्रस्थान कर सुबह 10.05 बजे जबलपुर पहुंचेगी।
ट्रेन क्रमांक 51705 जबलपुर से सुबह 9.55 बजे प्रस्थान कर दोपहर तीन बजे मंडला पहुंचेगी। वापसी में मंडला से दोपहर 3.30 बजे प्रस्थान कर रात को 9.25 बजे जबलपुर स्टेशन पहुंचेगी।
यहां खा रही ज्यादा समय, संशोधन हो
दोनों पैसेंजर ट्रेन पहले जबलपुर-नैनपुर और नैनपुर-मंडला फोर्ट रेलखंड पर टुकड़ों में बंटकर अलग-अलग नंबर से चलती थी। नैनपुर स्टेशन पर काफी देर तक खड़ी रहती थी। सीधी ट्रेन सेवा से यात्रियों को उम्मीद जागी थी कि नैनपुर स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव 10 से 15 मिनट का हो जाएगा। उनके यात्रा समय में आधा से सवा घंटे की कमी आएगी। वे जल्दी गंतव्य तक की रेल यात्रा कर सकेंगे।
लेकिन अब भी नैनपुर में ट्रेन 51704 का आधा घंटा और ट्रेन 51705 का एक घंटे 10 मिनट का ठहराव है।
यात्री बोले- इंटरसिटी आने के बाद चलें
यात्रियों ने आठ पैसेंजर ट्रेनों का विलय कर उसे चार पैसेंजर ट्रेनें में बदलने के बाद समय संशोधन की आवश्यकता बताई है। अभी जबलपुर से सुबह 9.55 पर प्रस्थान करने वाली पैसेंजर ट्रेन को पूर्व की तरह सुबह 10.35 बजे संचालित करने की मांग है।
यात्रियों का क्या कहना
यात्रियों के अनुसार रीवा इंटरसिटी सुबह 10 और आरकेएमपी-जबलपुर इंटरसिटी सुबह 10.07 बजे मुख्य स्टेशन पहुंचती है। इन दोनों ट्रेन के पहुंचने के चंद मिनट पूर्व नैनपुर-मंडला फोर्ट पैसेंजर रवाना हो जाती है। इंटरसिटी ट्रेन के यात्रियों को पैसेंजर ट्रेन की कनेक्टविटी नहीं मिल पाती है।
यह भी पढ़ें- Gwalior Weather Alert: ग्वालियर में अगले 7 दिन भीषण गर्मी का अलर्ट, 16 मई तक 46°C के करीब पहुंचेगा पारा
