चार माह की जांच के बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

HighLights
- बीएड तृतीय सेमेस्टर परीक्षा में सामने आई गड़बड़ी
- असली छात्रों की जगह डमी कैडिंडेट दे रहे थे पेपर
- तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी है
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायसेन। जिले के औबेदुल्लागंज स्थित वीर सावरकर शासकीय महाविद्यालय में हुई बीएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा में डमी कैंडिडेट बैठाकर परीक्षा दिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।
करीब चार माह तक चली जांच के बाद पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें- BEd कॉलेज फर्जीवाड़ा: एक ही पते पर चलते मिले दो कॉलेज, एक तो मिला ही नहीं, NCTE ने शिक्षा मंत्रालय को सौंपी रिपोर्ट
संदेह हुआ तो खुला मामला
पुलिस के अनुसार 17 फरवरी को बीएड तृतीय सेमेस्टर के पेडागाजी ऑफ स्कूल विषय की परीक्षा के दौरान दो परीक्षार्थियों की पहचान पर संदेह हुआ। जांच में सामने आया कि रेणु महाविद्यालय मंडीदीप की छात्रा कृति आनंद की जगह सारिका विश्वकर्मा और प्रदीप कुमार के स्थान पर मनिभूषण कुमार परीक्षा दे रहे थे।
फ्लाइंग स्क्वॉड भी पहुंची लेकिन तब तक मनिभूषण कुमार फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी छात्र प्रदीप कुमार, मनिभूषण कुमार, कृति आनंद और सारिका विश्वकर्मा के विरुद्ध मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
फर्जी परीक्षार्थियों की व्यवस्था करने, उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और पूरी साजिश को अंजाम देने में किसी गिरोह या अन्य लोगों की भूमिका हो सकती है। इसकी जांच की जा रही है।- वीपी सिंह, थाना प्रभारी, औबेदुल्लागंज
