छतरपुर जिले के चंदला क्षेत्र में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ और दृष्टिहीन ब्राह्मण व्यक्ति को कथित यूट्यूबर द्वारा शाकाहारी भोजन के नाम पर चिकन खिलाने और…और पढ़ें

HighLights
- वीडि़यो वायरल होने के बाद से चंदला में तनाव की स्थिति
- चंदला थाने पहुंचे लोग, सख्त कार्रवाई और वीडियो हटाने की मांग
- यूट्यूबर पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का लगाया आरोप
नईदुनिया न्यूज, चंदला। चंदला क्षेत्र में एक कथित यूट्यूबर की विवादित हरकत के बाद से सामाजिक माहौल गरमा गया है और क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। मामला एक मानसिक रूप से विक्षिप्त और दृष्टिहीन ब्राह्मण को झांसा देकर चिकन खिलाने और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने से जुड़ा है। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों और विभिन्न संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है
जानकारी के अनुसार चंदला क्षेत्र में निवास करने वाले एक मानसिक रूप से अस्वस्थ और दृष्टिहीन ब्राह्मण समुदाय के व्यक्ति को एक स्थानीय कथित यूट्यूबर भगवानदास अहिरवार ने निशाना बनाया। आरोप है कि कथित यूट्यूबर ने उक्त बेबस और असहाय व्यक्ति की शारीरिक व मानसिक स्थिति का फायदा उठाते हुए उसे धोखे से चिकन खिलाया।
शिकायत के अनुसार चंदला थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी तुलसीदास द्विवेदी मानसिक रूप से बीमार है और दोनों आंखों से दृष्टिहीन हैं। पिछले 2 वर्षों से परिवार के लोग बांधकर रख रहे थे, वह हाल ही में 4 दिन पहले छूट कर चंदला की ओर आ गया था, तभी स्थानीय कथित यूट्यूबर के द्वारा उसे शाकाहारी भोजन के नाम पर चिकन खिला दिया गया।
इतना ही नहीं, इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया, जो देखते ही देखते तेज़ी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही स्थानीय लोगों की भावनाएं आहत हुईं और क्षेत्र में जनाक्रोश फैल गया।
थाना पहुंचे आक्रोशित लोग, दिया आवेदन
घटना से नाराज दर्जनों स्थानीय नागरिक और सामाजिक संगठन चंदला थाना पहुंचे और यूट्यूबर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा। शिकायत में मांग की गई है कि संबंधित यूट्यूबर पर धार्मिक और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की नीयत से काम करने की धाराओं में मामला दर्ज किया जाए।
मानसिक रूप से अक्षम और दृष्टिहीन व्यक्ति के अधिकारों व मर्यादा का हनन करने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई हो। लोगों ने शिकायत में यह भी मांग की है कि उक्त वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से तुरंत हटवाया जाए और आरोपी पर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाए।
