नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश में मानसून की गतिविधि तेज हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने की प्रबल संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान बिलासपुर संभाग सहित प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है।
भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी, रायपुर में भी बौछारें
बुधवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होगी। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात (बिजली गिरने) और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राजधानी में बादल छाए रहेंगे। कुछ दौर की वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम प्रणालियों के असर से बारिश का सिलसिला जारी
मौसम विज्ञानियों के अनुसार मानसून द्रोणिका और उत्तरी छत्तीसगढ़ से लेकर दक्षिण ओडिशा तक फैले चक्रवाती परिसंचरण के असर से पूरे प्रदेश में बारिश का यह सिलसिला जारी रहेगा।
बीते 24 घंटों में कहां कितनी हुई बारिश?
पिछले 24 घंटों में रायगढ़ जिले में सर्वाधिक 130 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पेंड्रा में 120 मिमी, पुसौर-तमनार में 100 मिमी, बरपाली में 90 मिमी, सारंगढ़, रामचंद्रपुर, मालखरौदा, कुटरू, अकलतरा, बम्हनीडीह, डभरा, अड़भार, बलौदा और दोरा कोचली में 70 मिमी, सरसीवा, दर्री, खरसिया, मस्तूरी, वाड्रफनगर, लटोरी, नवागढ़, छिंदगढ़, कापू और अमलीपदर में 60 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
