नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर क्राईम ब्रांच, अधारताल, रांझी और पनागर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। अवैध हथियार के कारोबार में लिप्त 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 49 चायना चाकू जब्त किए हैं।
यह आरोपी किए गए हैं गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अभिषेक उर्फ छिंगा, अभिषेक कोल, आकाश उर्फ काला सिंह, साहिल केवट, गगन रैकवार और मुन्ना उर्फ साहिल बर्मन शामिल हैं।
पुलिस ने गुप्तेश्वर मंदिर के पास गोरखपुर से अभिषेक उर्फ छिंगा को पकड़ा, जबकि अन्य आरोपियों को पुरानी बस्ती महाराजपुर, सरस्वती स्कूल के पीछे मड़ई रांझी और मौलानवार्ड पनागर से गिरफ्तार किया गया।
घेराबंदी कर पकड़ा गया
पुलिस की संयुक्त टीम ने 19 जुलाई को पेट्रोलिंग के दौरान एसबीआई बैंक के पास एक युवक को संदिग्ध अवस्था में देखा। युवक ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे घेराबंदी कर पकड़ा गया।
अजमेर से चाकू खरीदे थे
उसकी पहचान अभिषेक उर्फ छिंगा पटैल के रूप में हुई। उसकी तलाशी में 38 चायना चाकू मिले। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अजमेर से चाकू खरीदे थे और अपने परिचितों को देने के लिए लाया था।
चायना चाकू के साथ पकड़ा
अधारताल में पेट्रोलिंग के दौरान अभिषेक कोल को 06 चायना चाकू के साथ और आकाश उर्फ काला सिंह को 02 चायना चाकू के साथ पकड़ा गया।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
थाना रांझी में 18 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए साहिल केवट और गगन रैकवार को चायना चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। थाना पनागर में भी मुन्ना उर्फ साहिल बर्मन को चायना चाकू के साथ पकड़ा गया।
