शहर में ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने पूमा कंपनी के नाम और लोगो का…और पढ़ें

HighLights
- जबलपुर में पूमा ब्रांड के नाम पर नकली उत्पाद बेचने वाले धरे गए
- अंधेरदेव क्षेत्र की दो थोक दुकानों से भारी मात्रा में माल जब्त
- कॉपीराइट एक्ट के तहत दो व्यापारियों पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर में ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने पूमा कंपनी के नाम और लोगो का दुरुपयोग कर नकली कपड़े, कैप और पर्स बेचने वाले दो थोक व्यापारियों को पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान आरोपितों के अंधेरदेव स्थित अग्रवाल स्पोर्ट्स एवं आरके बेल्ट के प्रतिष्ठान से भारी मात्रा में नकली माल जब्त किया गया है। गुरुवार को दोनों आरोपित व्यापारियों जितेंद्र अग्रवाल एवं कमल मंगलानी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दिल्ली की लॉ फर्म की शिकायत पर एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
नई दिल्ली पंजाबी बाग स्थित एल्यूडिकेशन एडवोकेट्स एंड सॉलिसिटर्स लॉ फर्म के जांच अधिकारी मयंक शर्मा की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक सम्पत्ति उपाध्याय के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी मानस द्विवेदी के साथ पुलिस टीम ने अंधेरदेव स्थित जामा मस्जिद के पीछे दो थोक दुकानों पर दबिश दी।
अग्रवाल स्पोर्ट्स और RK बेल्ट से भारी मात्रा में जब्त हुआ नकली सामान
अग्रवाल स्पोर्ट्स के संचालक जितेंद्र अग्रवाल के यहां से पूमा कंपनी के लोगो वाले 322 नकली लोअर, 116 टी-शर्ट और 80 सैंडो टी-शर्ट बरामद किए गए। वहीं आर.के. बेल्ट के संचालक कमल मंगलानी की दुकान से 155 नकली कैप और 30 नकली पर्स जब्त किए गए। दोनों दुकानों से जब्त सामग्री पर पूमा कंपनी का लोगो लगा हुआ था। इन्हें असली उत्पाद बताकर बेचा जा रहा था। दोनों आरोपित व्यापारी असली ब्रांड बताकर सामग्री की ऊंची कीमत वसूल रहे थे। फर्जीवाड़ा कर मोटा लाभ कमा रहे थे और उपभोक्ताओं के साथ विश्वासघात कर रहे थे।
जबलपुर में नकली ब्रांडेड उत्पादों का नेटवर्क सक्रिय
कुछ दिन पहले भी जबलपुर में पुलिस ने एक कार्रवाई के दौरान ब्रांडेड कंपनी के नाम से बेचे जा रहे नकली जूतों की बड़ी खेप जब्त की थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से इस आशंका को बल मिला है कि शहर में नकली ब्रांडेड उत्पादों का व्यापार सक्रिय है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राकेश उपमन एवं आरक्षक दान सिंह, उमेश पटेल और अजय शामिल थे।
