जबलपुर के सेंट अलायसियस स्कूल में कथित मतांतरण के आरोपों को लेकर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ।

HighLights
- विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता स्कूल परिसर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया
- हिंदू कर्मचारियों पर चर्च जाकर पूजा करने और मतांतरण का दबाव बनाया जा रहा था
- प्रदर्शन के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की और स्कूल परिसर में तोड़फोड़ भी हुई
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर के सेंट अलायसियस स्कूल में कथित मतांतरण के आरोपों को लेकर मंगलवार दोपहर जमकर हंगामा हुआ। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में स्कूल परिसर पहुंच गए और अंदर प्रवेश का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई।
इस दौरान स्कूल परिसर में तोड़फोड़ भी हुई। सूचना मिलते ही विजय नगर, माढ़ोताल सहित कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन हिंदू कर्मचारियों पर मतांतरण का दबाव बना रहा है। उनका कहना है कि जो कर्मचारी मतांतरण के लिए तैयार नहीं होते, उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार कुछ कर्मचारियों ने इसकी शिकायत संगठन से की थी, जिसके बाद करीब 50 कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस द्वारा रोकने पर दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई और करीब एक घंटे तक तनाव की स्थिति बनी रही।
चर्च जाकर पूजा करने का दबाव बनाने का आरोप
स्कूल में कार्यरत रहे सफाई कर्मचारी राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि वह पिछले 12 वर्षों से स्कूल में कार्यरत था। पिछले तीन माह से उस पर प्रतिदिन चर्च जाकर पूजा करने और मतांतरण करने का दबाव बनाया जा रहा था। उसने आरोप लगाया कि रविवार और शासकीय अवकाश के दिन भी उसे काम पर बुलाया जाता था। राजेश का कहना है कि मतांतरण से इन्कार करने पर बिना किसी सूचना या नोटिस के उसकी नौकरी समाप्त कर दी गई।
पुलिस बोली, आरोपों की जांच जारी
प्रदर्शन के बाद हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि कथित मतांतरण के आरोपों सहित पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मतांतरण के आरोप पर शिकायत
रानी दुर्गावती जिले के सेंट अलायसियस स्कूल में कथित मतांतरण के आरोपों को लेकर मंगलवार को विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल ने विरोध प्रदर्शन किया। संगठन का आरोप है कि पिछले करीब दो माह से पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय और माढ़ोताल थाने में शिकायत देकर स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
विश्व हिन्दू परिषद के अजय चौरसिया प्रांत सह प्रचार प्रसार प्रमुख और कुमार राठौड़ जिला प्रचार प्रसार प्रमुख पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
