इंदौर में दूषित पेयजल से हुई मौतों के बाद पेयजल गुणवत्ता को लेकर बढ़ी चिंता के बीच बुधवार को शहर के उत्तर-मध्य विधानसभा क्षेत्र के राजीव गांधी वार्ड क…और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। इंदौर में दूषित पेयजल से हुई मौतों के बाद पेयजल गुणवत्ता को लेकर बढ़ी चिंता के बीच बुधवार को शहर के उत्तर-मध्य विधानसभा क्षेत्र के राजीव गांधी वार्ड क्रमांक 31 में नलों से काला और दुर्गंधयुक्त पानी आने से हड़कंप मच गया। त्रिमूर्ति नगर, एफसीआई लेन और शास्त्री नगर क्षेत्र के लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें साझा कर मामले को उजागर किया।
सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद निगम का अमला मौके पर पहुंचा और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू कराया।
बताया गया कि नाले की सफाई के दौरान जेसीबी के पंजे की चपेट में आने से नाले के भीतर से गुजर रही करीब चार इंच व्यास की पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। बुधवार सुबह जलापूर्ति शुरू होने पर लीकेज के कारण नाले का गंदा पानी पाइपलाइन में मिलकर सीधे लोगों के घरों तक पहुंच गया। जैसे ही लोगों ने नल खोले, उनमें से काला और बदबूदार पानी निकलने लगा।
पहले बहाया पानी, फिर खाली करनी पड़ी टंकियां
शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य समस्या समझकर काफी देर तक पानी बहाया, लेकिन जब स्थिति नहीं सुधरी तो चिंता बढ़ गई। कई घरों में मोटर चलाकर पहले ही पानी की टंकियां भर ली गई थीं। बाद में पता चला कि टंकियों में भी दूषित पानी भर गया है। इसके बाद लोगों को पूरा पानी फेंकना पड़ा और टंकियों की सफाई करानी पड़ी। कई परिवारों ने एहतियात के तौर पर वाटर फिल्टर और कूलर का उपयोग भी बंद कर दिया।
सोशल मीडिया पर शिकायत, जनप्रतिनिधियों ने कराया हस्तक्षेप
स्थानीय लोगों ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से समस्या उजागर की और जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद ने नगर निगम अधिकारियों से संपर्क कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। इसके बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची और नाले के भीतर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने दावा किया कि मरम्मत का काम प्राथमिकता के आधार पर कराया गया ताकि जल्द से जल्द स्वच्छ जलापूर्ति बहाल की जा सके। पार्षद मधुबाला राजपूत ने शिकायत के चंद घंटे के भीतर ही सक्रिय होकर सुधार कार्य करवाना प्रारंभ किया।
कई दिनों से दूषित पानी आने का आरोप
त्रिमूर्ति नगर क्षेत्र की एफसीआई लेन और शास्त्री नगर के रहवासियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से नलों में दूषित पानी आ रहा था, लेकिन बुधवार को जब अत्यधिक काला और बदबूदार पानी आया तब समस्या की वास्तविक वजह सामने आई। लोगों का आरोप है कि पेयजल पाइपलाइन नाले के भीतर से गुजरने के कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार होने का खतरा बना रहता है।
बीमारी फैलने की आशंका
स्थानीय नागरिकों का दावा है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से कई लोग बीमार पड़ रहे हैं। अब उन्हें आशंका है कि दूषित पेयजल भी इसका एक कारण हो सकता है। नागरिकों ने नगर निगम से पाइपलाइन की व्यापक जांच कराने, नाले से गुजर रही जलापूर्ति लाइन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है। बरसात के मौसम में जलजनित और संक्रामक बीमारियों के खतरे को देखते हुए लोगों ने नियमित जल गुणवत्ता परीक्षण कराने की भी मांग उठाई है।
यह भी पढ़ें- एमपी में सरकारी कर्मचारियों की चमकेगी किस्मत… पदोन्नति का रास्ता साफ, राज्य सरकार ने दिया आश्वासन
