अधिकारियों का कहना है कि विवाह समारोहों में बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

HighLights
- अधिवक्ता महेंद्र पटेरिया के घर 21 जून को विवाह समारोह आयोजित था
- कार्यक्रम के दौरान घर में मेहमानों की आवाजाही और भीड़भाड़ थी
- बैग का पता नहीं चलने पर पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई
नईदुनिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आयोजित दो विवाह समारोहों के दौरान चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। एक मामले में बेलबाग क्षेत्र से 85 हजार रुपये नकद चोरी हो गए, जबकि पनागर क्षेत्र में एक महिला के बैग से सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में मेहमानों की आवाजाही और भीड़भाड़ थी
बेलबाग थाना पुलिस के अनुसार क्षेत्र निवासी अधिवक्ता महेंद्र पटेरिया के घर 21 जून को विवाह समारोह आयोजित था। कार्यक्रम के दौरान घर में मेहमानों की आवाजाही और भीड़भाड़ थी।
आंगन में टेबल पर रखा बैग लेकर चला गया
इसी बीच अज्ञात व्यक्ति आंगन में टेबल पर रखा बैग लेकर चला गया। बैग में 85 हजार रुपये नकद रखे थे। काफी तलाश के बाद भी बैग का पता नहीं चलने पर पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।
रात में वह अपनी बहन के साथ बरामदे में सो गईं
पनागर थाना क्षेत्र के बिलखिरवा निवासी ऊषा पटेल 25 जून को पिपरिया खिरिया में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने गई थीं। रात में वह अपनी बहन के साथ बरामदे में सो गईं। सुबह बैग की जांच करने पर उसमें रखा सोने का हार, मंगलसूत्र, चांदी की एक जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछिया तथा 25 हजार रुपये नकद गायब मिले। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज
पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थलों के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। विवाह समारोहों में बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
