जिले में कथित गौमांस ले जा रही दो युवतियों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
_m.webp)
HighLights
- गौमांस ले जा रही दो युवतियों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया
- पीछा कर रहे कार सवार युवक से झड़प में युवक घायल, सिर फटने का आरोप
- कथित मांस फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया, रिपोर्ट के बाद होगी पुष्टि
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। जिले में कथित गौमांस ले जा रही दो युवतियों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि पीछा कर रहे कार सवार युवक से दोनों युवतियों की झड़प हो गई, जिसमें युवक का सिर फट गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवतियों को हिरासत में ले लिया। उनकी पहचान साबर खान (27) और मुस्कान खान (25), निवासी अमरती, गुढ़ के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान सुधीर सिंह (35), निवासी रामपुर नैकिन, जिला सीधी के रूप में हुई है।
क्या है मामला
घटना रीवा जिले के एक ग्रामीण क्षेत्र की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दो युवतियां स्कूटी से कथित गौमांस लेकर जा रही थीं। शक होने पर कार सवार एक युवक ने उनका पीछा किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया और मारपीट में युवक घायल हो गया।
नहर में फेंककर भागने की कोशिश
विवाद बढ़ता देख युवतियों ने कथित मांस नहर में फेंककर भागने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों युवतियों को हिरासत में ले लिया है। घायल युवक का उपचार कराया गया है। कथित मांस को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पुष्टि हो सकेगी कि बरामद मांस किसका है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
वर्जन
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों युवतियों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
– विजय सिंह, थाना प्रभारी, समान
