जीतू पटवारी ने दावा किया कि मध्य प्रदेश के सरकारी विभागों में विभिन्न श्रेणियों के करीब 40 प्रतिशत पद रिक्त पड़े हैं।

HighLights
- जीतू पटवारी का दावा, प्रदेश के सरकारी विभागों में 40 प्रतिशत पद अब भी रिक्त
- सरकार पर युवाओं से रोजगार के नाम पर झूठे वादे और आंकड़ों में हेराफेरी का आरोप
- जयवर्धन सिंह बोले- नीट 2024 पेपर लीक मामले में जांच के नाम पर सिर्फ दिखावा हुआ
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि मध्य प्रदेश के सरकारी विभागों में विभिन्न श्रेणियों के करीब 40 प्रतिशत पद रिक्त पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों और घोटालों के कारण प्रदेश में एक करोड़ से अधिक युवा बेरोजगार हैं। उनका कहना है कि पिछले तीन वर्षों में सरकारी पोर्टल पर 62.75 लाख युवाओं ने रोजगार के लिए पंजीयन कराया, लेकिन सरकार वास्तविक स्थिति छिपाने के लिए आंकड़ों में हेराफेरी कर रही है।
अपना वादा पूरा करने में विफल रही है
शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जीतू पटवारी ने कहा कि सरकार ने पांच वर्षों में ढाई लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था। ढाई वर्ष बीत जाने के बाद कम से कम सवा लाख युवाओं को रोजगार मिल जाना चाहिए था, लेकिन सरकार अपना वादा पूरा करने में विफल रही है।
नीट 2024 घोटाले की जांच पर भी उठाए सवाल
पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने नीट 2024 परीक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पेपर लीक प्रकरण ने पूरे देश को झकझोर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े स्तर पर पेपर लीक हुआ और देश के इतिहास में पहली बार 65 परीक्षार्थियों ने 100 प्रतिशत अंक हासिल किए। उन्होंने कहा कि विवाद बढ़ने के बाद जांच के नाम पर केवल दिखावा किया गया और मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में थमा मानसून, बढ़ी गर्मी-उमस; 40 जिलों में आंधी-वर्षा का येलो अलर्ट
