शहर में साइबर सुरक्षा से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है।

HighLights
- जबलपुर में महिला डॉक्टर के घर लगे सीसीटीवी कैमरे से आने लगी रहस्यमयी आवाज
- कैमरे के जरिए निगरानी किए जाने की आशंका, डॉक्टर ने पुलिस से की शिकायत
- घटना के बाद साइबर सुरक्षा और इंटरनेट से जुड़े उपकरणों की सुरक्षा पर उठे सवाल
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर में साइबर सुरक्षा से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आदर्श नगर निवासी महिला डॉक्टर डॉ. प्राची सक्सेना ने आरोप लगाया है कि उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिए कोई उन पर नजर रख रहा था। घटना के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले जब डॉ. प्राची सक्सेना अपने घर पहुंचीं तो लिविंग एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरे से आवाजें सुनाई दीं। शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आया कि आवाज कहां से आ रही है, क्योंकि उस समय घर में ऐसी कोई गतिविधि नहीं थी। ध्यान से सुनने पर उन्हें एहसास हुआ कि आवाज सीसीटीवी कैमरे से आ रही है और उसमें किसी बच्चे जैसी आवाज सुनाई दे रही थी।
वीडियो और आवाज रिकॉर्ड करने की कोशिश
संदेह होने पर उन्होंने अपने मोबाइल फोन से सीसीटीवी का वीडियो और आवाज रिकॉर्ड करने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही मोबाइल कैमरे के पास ले जातीं, आवाज बंद हो जाती थी। इसके बाद उन्होंने कैमरे को कपड़े से ढंक दिया और गुपचुप निगरानी की आशंका के चलते उसे डिस्कनेक्ट कर दिया।
घटना की सूचना पुलिस को दी
डॉ. सक्सेना ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर भी एक वीडियो साझा करते हुए लोगों से इंटरनेट से जुड़े सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करते समय सतर्क रहने की अपील की है। इस घटना ने इंटरनेट आधारित सीसीटीवी और अन्य स्मार्ट सुरक्षा उपकरणों की साइबर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
