नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल में 24 जून से 26 जून 2026 तक निकलने वाले मोहर्रम के जुलूसों को देखते हुए यातायात पुलिस ने पुराने शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 24 से 26 जून तक हर दिन शाम 6:00 बजे से ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले ताजिए इमामीगेट से पीरगेट के बीच एकत्रित होंगे और दोपहर 12 बजे बड़े जुलूस के रूप में भवानी चौक, रायल मार्केट, हमीदिया अस्पताल के सामने से होते हुए कोहेफिजा तिराहा, जीएडी और अंत में करबला पहुंचेंगे, जबकि कुछ ताजिए यहां से गिन्नोरी की ओर जाएंगे।
जुलूस के मुख्य मार्गों जैसे भारत टाकीज, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड, भोपाल टाकीज, शाहजहांनाबाद, रायल मार्केट, कोहेफिजा तिराहा और करबला पर शाम 6:00 बजे के बाद यातायात का भारी दबाव रहेगा। इस दबाव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
पुराने शहर के प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंधित रहेगा
जुलूस को देखते हुए पुराने शहर के प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के मालवाहक, भारी, व्यावसायिक और अनुमति प्राप्त वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही इन तीन दिनों (24 से 26 जून) तक शाम 6:00 बजे से अगले दिन सुबह 6:00 बजे तक शहर की सीमा में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग जारी किए हैं।
इन रास्तों का करें उपयोग
राजाभोज विमानतल की ओर जाने वाले वाहन भारत माता चौराहा, भदभदा चौराहा, साक्षी ढाबा तिराहा से होते हुए नीलबड़ तिराहे से दाएं मुड़कर नाथू बरखेड़ा रोड, मुगालिया छाप, खजूरी सड़क और खजूरी बायपास तिराहा से मुबारकपुर चौराहा होकर जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त यात्री प्रभात चौराहा, जेके रोड, रत्नागिरि, अयोध्या बायपास मार्ग, भानपुर, करौंद चौराहा, नई जेल और गांधीनगर तिराहा वाले मार्ग का भी उपयोग कर सकते हैं।
इसी तरह नए शहर से रेलवे स्टेशन (भोपाल स्टेशन) की ओर जाने वाले यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए प्रभात चौराहा, परिहार चौराहा, 80 फीट रोड और बजरिया तिराहा होकर आवागमन करने की सलाह दी गई है।
यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे असुविधा और जाम से बचने के लिए इन वैकल्पिक मार्गों का चयन करें और यातायात नियमों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की समस्या या असुविधा होने पर नागरिक यातायात पुलिस के दूरभाष नंबर 0755-2677340, 2443850 या उनके वॉट्सएप नंबर 7587602055 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
