एक ही दिन में शादी की खुशियां और भाई की मौत का दर्द परिवार के लिए जीवनभर न भूलने वाला बन गया। …और पढ़ें

HighLights
- सामान लेने गया युवक हादसे का शिकार
- मौके पर मौत, घायल साथी अस्पताल में भर्ती
- भाई के साथ गया दोस्त गंभीर रूप से घायल
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम कूड़ा में एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शादी की तैयारियों में जुटा दुल्हन का भाई सड़क हादसे का शिकार हो गया। टैंकर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवार के सदस्य शादी की तैयारियों में व्यस्त थे
ग्राम कूड़ा निवासी सुरेंद्र मेहरा के चाचा की बेटी पूनम झारिया का विवाह होना था। बारात आने से पहले परिवार के सदस्य शादी की तैयारियों में व्यस्त थे।
बाजार से सामान लेकर वापस लौट रहे थे
इसी दौरान पूनम का चचेरा भाई दुर्गेश झारिया (22) अपने साथी प्रदीप उर्फ बहादुर के साथ शादी का कुछ सामान खरीदने कटंगी गया था। दोनों मोटरसाइकिल से बाजार पहुंचे और सामान लेकर वापस लौट रहे थे।
तेज गति और लापरवाही से वाहन ने ली जान
रात करीब 7:40 बजे जब वे कटंगी के पोला तिराहा क्षेत्र में पहुंचे, तभी गुबरा की ओर जा रहे गैस टैंकर क्रमांक जीजे 39 टी 8129 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
दुर्गेश टैंकर के बीच वाले पहिए की चपेट में आ गया
टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। प्रदीप दूर जा गिरा और घायल हो गया। दुर्गेश टैंकर के बीच वाले पहिए की चपेट में आ गया। टैंकर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद वाहन छोड़कर भागा ड्राइवर
घटना के समय दुर्गेश के रिश्तेदार सुरेंद्र मेहरा और अन्य स्वजन भी उसी मार्ग से गुजर रहे थे। उन्होंने हादसा होते देखा और तत्काल पुलिस एवं परिवार वालों को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार जारी
घायल प्रदीप को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए जबलपुर के निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सादगी से विवाह और विदाई
दुर्गेश की मौत से पूरे गांव और परिवार में शोक की लहर फैल गई। जिस घर में बारात का स्वागत होना था, वहां चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। स्वजन ने आंसुओं के बीच सादगी से विवाह की रस्में पूरी कर दुल्हन पूनम की विदाई की। पोस्टमार्टम के बाद दुर्गेश का अंतिम संस्कार किया गया।
