नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर की एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया, यस बैंक और पीएनबी सहित विभिन्न बैंकों के 30 एटीएम में गबन का मामला सामने आया है।
एटीएम में रुपये भरने वाले दो कस्टोडियन 40 लाख 91 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। एडीसीपी जोन-2 अमरेंद्रसिंह के अनुसार सीएमएस कंपनी के मैनेजर मनीष कौल की शिकायत पर दीपक उकांडे निवासी शिवाजी नगर और अभिषेक राजपूत निवासी अर्चना नगर के विरुद्ध लसूड़िया पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
सीएमएस कंपनी विभिन्न बैंकों से अनुबंध के तहत एटीएम में रुपये भरने का काम करती है। आरोपित कंपनी में कस्टोडियन हैं और दो नंबर रूट के 30 एटीएम में रुपये भरने का काम करते थे।
दोनों की छह महीने पूर्व ही नियुक्ति हुई थी। एटीएम में कैश लोड करने के लिए एटीएम का एडमिन कार्ड और चाबी, वन टाइम कामिनेशन (ओटीसी) से ही मशीन का वाल्ट खुलता है।
कंपनी ने दोनों को सुविधा मुहैया करवा दी थी। आरोपित एसबीआई, पीएनबी, यस बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक आफ बड़ौदा, आईसीआईसीआई, यूको बैंक, एक्सिस बैंक के लिए रुपये लेकर निकले थे।
हेराफेरी के बाद 11 जून को दीपक ने घर में समस्या बता कर छुट्टी ले ली। इसी दौरान सीएमएस ऑडिटर जितेंद्र गारगोन ने ऑडिट किया तो 40 लाख 91 हजार रुपये की गड़बड़ी मिली।
