मदन महल रेलवे स्टेशन पर रविवार रात प्लेटफार्म नंबर-चार पर लगी लिफ्ट ओवरलोड होने के कारण बीच रास्ते में फंस गई। लिफ्ट में लगभग 15 यात्री अपने भारी सामा …और पढ़ें

HighLights
- मदन महल रेलवे स्टेशन पर मची चीख-पुकार
- अमरकंटक एक्सप्रेस आते ही लिफ्ट ओवरलोड
- मैकेनिक की तत्परता से सुरक्षित निकाले यात्री
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मदन महल रेलवे स्टेशन पर रविवार रात प्लेटफार्म नंबर-चार पर लगी लिफ्ट ओवरलोड होने के कारण बीच रास्ते में फंस गई। लिफ्ट में लगभग 15 यात्री अपने भारी सामान के साथ सवार थे। सभी यात्री करीब 50 मिनट तक लिफ्ट के भीतर फंसे रहे।
अमरकंटक एक्सप्रेस के आते ही मची जल्दबाजी
रात को ट्रेन संख्या 12854 अमरकंटक एक्सप्रेस के पहुंचने के बाद यात्रियों में स्टेशन से बाहर निकलने की जल्दबाजी थी। इसी दौरान क्षमता से अधिक यात्री और भारी सामान लेकर कई लोग एक साथ लिफ्ट में चढ़ गए। लिफ्ट ऊपर जाते समय अत्यधिक वजन के कारण बीच रास्ते में ही लॉक हो गई। बंद लिफ्ट में फंसे यात्रियों की घबराहट बढ़ने लगी और कुछ देर बाद बच्चों व महिलाओं के रोने-चीखने की आवाजें बाहर तक सुनाई देने लगीं।
आरपीएफ और मैकेनिक ने मिलकर किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ के एएसआई विजय बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। उन्होंने लिफ्ट में फंसे लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखा और उन्हें शांत रहने के लिए समझाते रहे। मुख्य स्टेशन से मैकेनिक को बुलवाकर आवश्यक तकनीकी सुधार किया गया, उसके बाद लिफ्ट को सुरक्षित नीचे लाया जा सका। सकुशल बाहर आने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान रात 9:40 बजे से लेकर 10:30 बजे तक यात्री लिफ्ट के अंदर फंसे रहे।
यह भी पढ़ें- आर्थिक तंगी के कारण महिला ने कराई थी नसबंदी, 7 महीने बाद फिर तीसरी बार बनी मां, मानव अधिकार आयोग ने लिया संज्ञान
स्टेशन पर तकनीकी सुधारक और एस्केलेटर की उठी मांग
घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर तकनीकी सुधारक की उपस्थिति की आवश्यकता बताई जा रही है। स्टेशन में एक रैंप और प्रत्येक प्लेटफार्म पर एक लिफ्ट है। ट्रेन आने पर यात्रियों की अचानक होने वाली भीड़ को देखते हुए यात्रियों में जल्दी बाहर निकलने की होड़ लगती है। इस घटना के बाद स्टेशन पर दूसरे छोर पर भी ब्रिज एवं एस्केलेटर की आवश्यकता सामने आई है। वहीं रेल प्रशासन ने यात्रियों से लिफ्ट उपयोग के दौरान कुल यात्री भार संबंधी निर्देशों के पालन करने के लिए कहा है।
