नईदुनिया न्यूज, कोरबा। वनमंडल कोरबा के पसरखेत रेंज अंतर्गत ग्राम छुईढोड़ा में एक विशालकाय 11 फीट लंबे किंग कोबरा के घर में घुस जाने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घर के भीतर मौजूद लोगों ने जैसे ही दुर्लभ और विषैले सर्प को देखा, वे घबराकर बाहर निकल आए और तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही वन विभाग एवं वन्यजीव रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। कोरबा वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव तथा उप वनमंडलाधिकारी दक्षिण के मार्गदर्शन में रेस्क्यू अभियान संचालित किया गया।
कोबरा का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया
नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी की वन्यजीव रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेंद्र सारथी और सीनियर फील्ड ऑफिसर सिद्धांत जैन ने सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विशालकाय किंग कोबरा का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक निरीक्षण के बाद पंचनामा तैयार कर सर्प को उसके प्राकृतिक आवास के अनुरूप सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग और स्वयंसेवी संस्थाओं के सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब देखने को मिल रहा है। पहले जहां लोग सांपों को देखकर उन्हें मार दिया करते थे, वहीं अब ग्रामीण वन्यजीवों के संरक्षण में सहयोग कर रहे हैं। यह वन्यजीव संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता का संकेत है।
पारिस्थितिक तंत्र के संतुलन को बनाए रखता है
किंग कोबरा जंगलों की जैव विविधता को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह अन्य सांपों की संख्या को नियंत्रित कर पारिस्थितिक तंत्र के संतुलन को बनाए रखता है। किसी क्षेत्र में किंग कोबरा की उपस्थिति स्वस्थ जंगल, स्वच्छ पर्यावरण और समृद्ध वन्यजीव तंत्र का संकेत मानी जाती है।
कोरबा जिले में दर्ज की जाती है
राज्य में किंग कोबरा की उपस्थिति मुख्य रूप से कोरबा जिले में दर्ज की जाती है। कोरबा वनमंडल में जितेंद्र सारथी एवं उनकी टीम लगातार वन्यजीव संरक्षण और निगरानी का कार्य कर रही है। टीम द्वारा जंगलों में कैमरा ट्रैप लगाकर वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है तथा एंटी-स्नेयर अभियान चलाकर अवैध फंदों को हटाया जा रहा है। इन प्रयासों से वन्यजीवों की सुरक्षा और जैव विविधता संरक्षण को मजबूती मिल रही है।
बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे
रेस्क्यू अभियान के दौरान वन परिक्षेत्र अधिकारी देवदत्त खांडे, ड्यूटी रेंजर गुलाब सिंह, हरिनारायण बंजारे, पंकज कुमार, कृष्ण कुमार, सरपंच किशन कुमार राठिया, कैलाश राठिया, संतोष कुमार यादव, खगेश कुमार राठिया, सूरजभान राठिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- ‘FIR दर्ज करना जल्दबाजी होगी…’, अयोध्या राममंदिर में चढ़ावे की चोरी विवाद में VHP के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष का बयान
