पन्ना जिले के गुनौर थाना क्षेत्र में महिला की सादगी का फायदा उठाकर उसे ब्लैकमेल किया गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। …और पढ़ें

HighLights
- महिला का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग
- मदद के बहाने तीसरे आरोपी ने किया दुष्कर्म
- ब्लैकमेलिंग और दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। पन्ना जिले के गुनौर थाना क्षेत्र में महिला की सादगी का फायदा उठाकर उसे ब्लैकमेल किया गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक आरोपी की तलाश की जा रही है। पीड़ित महिला गुनौर क्षेत्र में किराने की दुकान चलाती है और उसका पति बाहर मजदूरी करता है।
झांसा देकर बनाया अश्लील वीडियो
दुकान पर आने जाने वाले एक परिचित व्यक्ति ने महिला को अपनी बातों में फंसाया। उसने महिला को वीडियो कॉल किया और झांसा देकर उसके कपड़े उतरवा दिए। इस दौरान आरोपी ने चुपके से स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर महिला का अश्लील वीडियो बना लिया। यही नहीं आरोपी ने यह वीडियो अपने एक और साथी को भेज दिया। इसके बाद दोनों आरोपी महिला को फोन पर धमकाने लगे कि अगर उसने उनकी बात नहीं मानी तो वह वीडियो को इंटरनेट पर वायरल कर देंगे।
मदद के बहाने हमदर्दी का नाटक और दुष्कर्म
आरोपियों की धमकियों से परेशान होकर जब महिला तनाव में रहने लगी तो गांव के ही एक अन्य व्यक्ति ने हमदर्दी दिखाने का नाटक किया। उसने महिला को भरोसे में लेकर पूरी बात जान ली और मदद करने के बहाने वह वीडियो अपने मोबाइल में ले लिया। लेकिन मदद करने के बजाय उस शख्स ने भी महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने महिला के ससुर को वीडियो भेजने और बदनाम करने की धमकी देकर उसके साथ कई बार जबरन दुष्कर्म किया।
यह भी पढ़ें- सागर में देर रात दवा लेकर लौट रही महिला पर एसिड अटैक, पीठ बुरी तरह झुलसी, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती
परिजनों को बताई आपबीती, दो आरोपी गिरफ्तार
आखिरकार आरोपियों की रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने हिम्मत जुटाई और पूरी आपबीती अपने सास ससुर और जेठ को बता दी। इसके बाद परिवार के साथ जाकर गुनौर थाने में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं। दोनों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है जबकि तीसरे फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।
