राजधानी रायपुर में गुरुवार रात खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-5138 निर्धारित समय पर लैंड नहीं कर सकी। …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर में गुरुवार रात खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-5138 निर्धारित समय पर लैंड नहीं कर सकी। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पायलट ने विमान को नागपुर एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया, जहां फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
विमान को रनवे पर उतारना संभव नहीं
जानकारी के अनुसार रायपुर में देर शाम से बारिश और खराब मौसम का दौर जारी है। मौसम खराब होने से दृश्यता प्रभावित हो गई थी, जिसके चलते विमान को रनवे पर उतारना संभव नहीं हो पाया। रायपुर एयरपोर्ट के आसपास कुछ समय तक विमान ने मौसम सामान्य होने की प्रतीक्षा में चक्कर लगाए, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने पर पायलट ने विमान को नागपुर ले जाने का निर्णय लिया।
कई प्रमुख नेता और जनप्रतिनिधि सवार
इस फ्लाइट में छत्तीसगढ़ की राजनीति से जुड़े कई प्रमुख नेता और जनप्रतिनिधि सवार थे। इनमें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह तथा भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास शामिल हैं।

फ्लाइट के नागपुर डायवर्ट होने के बाद यात्रियों के रायपुर पहुंचने में देरी होने की संभावना है। एयरलाइन की ओर से यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि खराब मौसम के बावजूद विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मौसम की वजह से लिया गया फैसला
विमानन सूत्रों के अनुसार खराब मौसम और कम दृश्यता की स्थिति में विमान को उतारना जोखिमपूर्ण हो सकता था। ऐसे में सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए फ्लाइट को वैकल्पिक एयरपोर्ट नागपुर भेजा गया। नागपुर एयरपोर्ट पर विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने भी राहत महसूस की।
प्रमुख नेता थे विमान में सवार
- भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री
- दीपक बैज, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
- अरुण साव, उपमुख्यमंत्री
- रेणुका सिंह, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री
- गौरीशंकर श्रीवास, भाजपा प्रवक्ता
यह भी पढ़ें- रायपुर की लेडी डॉन मुस्कान के खिलाफ बड़ा एक्शन, सात जिलों में घुसने पर लगी रोक; 20 से ज्यादा केस
