पत्नी पायल और बच्चों के चीखने-चिल्लाने के बीच आरोपितों ने तलवार और कुल्हाड़ी से हमला कर मानसिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपितों ने घर …और पढ़ें

HighLights
- आरोपितों ने मानसिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।
- पिता ऊंकार और माता मांगूबाई पर भी हमला किया।
- कुल्हाड़ी से मानसिंह को भी गंभीर घायल कर दिया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। थाना शिवगढ़ क्षेत्र के ग्राम खेरिया पाड़ा में मंगलवार देर रात घर के बाहर सो रहे युवक की तलवार और कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के दौरान आरोपितों ने घर में आगजनी भी की। वारदात के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने हत्या, आगजनी, मारपीट और बलवा सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर चार आरोपितों को हिरासत में लिया है।
ग्राम खेरिया पाड़ा निवासी 35 वर्षीय मानसिंह पुत्र ऊंकार मईडा मंगलवार रात करीब 11 बजे अपने घर के बाहर खाट पर सो रहा था। पास में उसकी एक बच्ची भी सोई हुई थी, जबकि माता-पिता, पत्नी और अन्य बच्चे थोड़ी दूरी पर थे। इसी दौरान गांव के जयसिंह पुत्र कैलाश मईडा सहित 8 से 10 हथियारबंद लोग वहां पहुंचे और विवाद करने लगे। आरोपितों ने मानसिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता ऊंकार और माता मांगूबाई पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
पत्नी पायल और बच्चों के चीखने-चिल्लाने के बीच आरोपितों ने तलवार और कुल्हाड़ी से हमला कर मानसिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपितों ने घर में आगजनी की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मानसिंह सहित अन्य घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रतलाम पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान मानसिंह की मृत्यु हो गई।
एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि स्वजनों के बयान के आधार पर प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। मुख्य आरोपित जयसिंह पुत्र कैलाश मईडा को राउंडअप कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।
आरोपित की पत्नी मृतक के चेचेरे भाई के साथ चली गई थी
- पुलिस जांच में सामने आया है कि 4 जून 2026 को ग्राम खेरिया पाड़ा निवासी संध्या पति जयसिंह मईडा बिना बताए घर से चली गई थी।
- इस संबंध में थाना शिवगढ़ में 6 जून को गुमशुदगी दर्ज किया गया था।
- जांच के दौरान जानकारी मिली कि संध्या गांव के ही ओमप्रकाश पुत्र रमेश मईडा के साथ गई थी।
- इसी बात को लेकर जयसिंह और उसके साथियों में आक्रोश था।
- पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपित पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं।
- एक ही परिवार से संबंधित बताए जा रहे हैं।
- दोनों पक्षों के घरों के बीच लगभग 300 मीटर की दूरी है।
- गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में कर ली गई है।
