मंडला के बम्हनी बंजर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब डिंडोरी से नागपुर जा रही यात्री बस बम्हनी बस स्टैंड से कुछ मीटर आगे बढ़त …और पढ़ें

HighLights
- गुटका निगलते ही बस ड्राइवर को आया चक्कर
- गाड़ी अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन मकान में घुसी
- घटनास्थल के नजदीक ही पहले पलटा था एक ट्रैक्टर
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। जिले के बम्हनी बंजर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब डिंडोरी से नागपुर जा रही यात्री बस बम्हनी बस स्टैंड से कुछ मीटर आगे बढ़ते ही अनियंत्रित होकर एक निर्माणाधीन मकान के सामने रखी ईंटों से जा टकराई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, मकान और दुकान के बाहर रखी सामग्रियों को काफी नुकसान पहुंचा है।
गुटका खाते ही चालक ने खोया नियंत्रण
जानकारी के अनुसार, आकाश ट्रेवल्स की बस (क्रमांक एमपी 52 पी 0597) रात करीब 12 बजे बम्हनी बस स्टैंड से नागपुर के लिए रवाना हुई थी। थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई के अनुसार, बस चालक राजेन्द्र दास ने बम्हनी बस स्टैंड से रवाना होते समय राजश्री गुटका खाया और उसे निगलने के बाद उसे अचानक चक्कर आने लगा। इसके कारण रवाना होने के कुछ ही मीटर दूर चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे निर्माणाधीन मकान में जा घुसी।
इस हादसे में सतीश हरदहा के निर्माणाधीन मकान में रखी ईंटों को नुकसान पहुंचा है, वहीं पास ही स्थित सतीश खंडेलवाल की दुकान के बाहर रखे करीब एक दर्जन ट्रंक भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
यात्रियों में अधिकांश मजदूर, जा रहे थे नागपुर और केरल
इस बस में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे, जो नागपुर और केरल काम के सिलसिले में जा रहे थे। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी के भी घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
घटनास्थल के नजदीक ही पहले पलटा था एक ट्रैक्टर
पुलिस ने बताया कि इस घटना से कुछ समय पहले ही उसी क्षेत्र में एक खाली ट्रैक्टर पलटने की भी घटना हुई थी, जिसके कारण पुलिस दल आसपास ही मौजूद था। ट्रैक्टर हादसे की वजह से तैनात पुलिस बल सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंच गया। फिलहाल, बम्हनी बंजर पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक राजेन्द्र दास के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
