समर्थन मूल्य पर सरकार द्वारा गेहूं खरीदी में व्यापक भ्रष्टाचार सामने आया है। सागर जिले के लक्ष्मी नगर स्थित देवप्रभा वेयर हाउस में शनिवार को भंडारण के …और पढ़ें

HighLights
- किसानों का असली अनाज बाजार में बेचकर बोरी में भरने की आशंका
- हर्षिता स्वसहायता समूह के ट्रक से गोदाम में उतारी गईं मिट्टी भरी बोरियां
- संचालक ने शाखा प्रबंधक को पहले भी दी थी अमानक गेहूं की शिकायत
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। समर्थन मूल्य पर सरकार द्वारा गेहूं खरीदी में व्यापक भ्रष्टाचार सामने आया है। सागर जिले के लक्ष्मी नगर स्थित देवप्रभा वेयर हाउस में शनिवार को भंडारण के लिए लाई गईं 600 बोरियों में मिट्टी भरी हुई थी। जांच के बाद वेयर हाउस संचालक ने यह बोरियां लौटा दीं। लेकिन खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के गृह जिले में यह गड़बड़ी सामने आने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
स्वसहायता समूह के ट्रक से उतारी गईं मिट्टी भरी बोरियां
श्री देवप्रभा वेयर हाउस में 600 बोरियों से लदा हुआ यह ट्रक (एमपी 15 जेडआर 9190) हर्षिता स्वसहायता समूह द्वारा भेजा गया था। 100 से अधिक बोरियां गोदाम में उतार दी गईं। समय रहते गेहूं की जांच नहीं की जाती तो पूरा माल गोदाम में जमा हो जाता और फर्जीवाड़ा सामने नहीं आ पाता। इस मामले में अधिकारियों को सूचित कर गेहूं की बोरियों को ट्रक में लोड कर वापस भेज दिया गया। आशंका है कि किसानों से खरीदा गया गेहूं खुले बाजार में बेचकर उसकी जगह बोरी में मिट्टी भर दिया गया है।
वेयर हाउस में पहले भी आ चुका है अमानक गेहूं
बता दें कि श्री देवप्रभा वेयर हाउस में पहले भी ऐसी गड़बड़ी सामने आ चुकी है। वेयर हाउस संचालक आरपी सुहाने का कहना है कि अधिग्रहण के बाद वेयर हाउस में रखे माल से हमारा मतलब नहीं रहता। हमें इसका किराया मिलता है। पिछले दिनों अमानक गेहूं भंडारण की शिकायत उन्होंने ही वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के शाखा प्रबंधक से की थी। साथ ही कर्मचारियों से ध्यान रखने को कहा था।
मामला गंभीर है। वेयर हाउस में रखे माल की जांच टीम भेजकर कराई जाएगी। गड़बड़ी मिली तो कार्रवाई की जाएगी। – प्रतिभा पाल, कलेक्टर सागर
यह गेहूं हर्षिता स्वसहायता समूह से भेजा गया था। जानकारी मिलते ही अमानक गेहूं को वापस कर दिया गया है। उन्हीं से सही गेहूं लिया जाएगा।- ज्योति बघेल, जिला आपूर्ति नियंत्रक, सागर
