सड़क पर मारपीट होते हुए आसपास के लोग दौड़कर आए और महिला प्रगणक को बचाया। यह पूरा वाक्या पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया। …और पढ़ें

HighLights
- शहर के वार्ड-11 की घटना, घटना का वीडियो वायरल।
- पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज नहीं किया।
- वीडियो के आधार पर मारपीट का दर्ज किया गया मामला।
नवदुनिया प्रतिनिधि, गुना। जनगणना कार्य के दौरान एक महिला प्रगणक के साथ गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। शहर के वार्ड-11 ब्लाक-73 में घर की महिला सदस्यों ने प्रगणक को पहले घर में चांटे मारे, फिर खींचकर सड़क पर पटक दिया। इसके बाद लात-घूसों से मारपीट की गई। उक्त वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होकर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इधर, महिला की शिकायत पर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा की बजाए वीडियो के आधार पर मारपीट का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रीना चिढ़ार (महिला प्रगणक) जनगणना कार्य में मकान नंबरिंग के लिए बीते दिवस क्राइस्ट स्कूल गली में पहुंची थीं। यहां वे कमलेश चिढ़ार के घर गईं, जहां जनगणना कार्य के दौरान कमलेश चिढ़ार के स्वजन और रीना के बीच जनगणना को लेकर विवाद हो गया।
इसके बाद कमलेश के घर की एक महिला, जिसकी गोद में एक छोटा बच्चा था ने रीना को धूप से बचने लपेटी चुन्नी खींचकर घर के बाहर धकेल लिया। इससे दोनों सड़क पर गिर गई। इसके बाद घर में से तीन युवतियां आईं और महिला प्रगणक की जमकर लात-घूंसों से मारपीट की गई।
सड़क पर मारपीट होते हुए आसपास के लोग दौड़कर आए और महिला प्रगणक को बचाया। यह पूरा वाक्या पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया। इस दौरान रीना को सिर, गर्दन, पेट आदि में चोट आई। इसके बाद प्रगणक रीना ने कोतवाली जाकर आवेदन दिया। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस को भी शिकायत कर दी गई है।
घटना की जानकारी महिला प्रगणक की जुबानी
- महिला प्रगणक रीना ने बताया कि वह सुबह करीब 11 बजे कमलेश चिढ़ार के घर पहुंची थी। घर की बेटियों ने बताया कि एक ही घर में भाई-भाभी अलग रहकर खाना बनाते हैं और माता-पिता का खाना अलग बनता है। इस पर दो परिवारों की जानकारी पत्रक में दर्ज करने लगी।
- लेकिन इसी दौरान आरोप लगाया कि हमारे दो परिवार क्यों दर्ज क्याें कर रही हैं। जबकि हमें ट्रेनिंग में भी बताया है कि अगर एक भवन में दो परिवार हैं, तो अलग-अलग जानकारी दर्ज की जाए।
- यह उक्त परिवार के सदस्यों को भी बताया, लेकिन परिवार की महिला-पुरुष और उनकी बेटियों ने मारपीट शुरू कर दी। मुझ पर आरोप लगाया कि हमारा बंटवारा क्यों कर रही है।
- इस दौरान मेरी पासबुक फाड़ दी और घर के भीतर थप्पड़, लात-घूसों से मारा, जैसे-तैसे जान बचाकर आई।
- तो खींचकर सड़क पर पटक लिया और फिर से घर की महिला और युवतियों ने दबाकर लात-घूंसों से मारा। मेरी गर्दन, पेट, सिर में चोट आई है।
मामला मेरे संज्ञान में आया है। जनगणना कार्य के दौरान महिला प्रगणक से मारपीट क्यों मारपीट की गई, वीडियो देखकर जांच कराते हैं।
-अखिलेश जैन, एडीएम गुना
महिला प्रगणक ने शिकायत की है। फिलहाल वीडियो के आधार पर मारपीट का प्रकरण दर्ज कर लिया है। दोनों पक्ष एक ही परिवार से होकर पुराना विवाद बताया जा रहा है। शासकीय कार्य में बाधा का मामला नहीं है। जांच में विवाद की असल वजह मालूम चलेगी।
– राजकुमार शर्मा, टीआई शहर कोतवाली गुना
